
संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
बरेली। घंघोरा पिपरिया स्थित मॉडर्न विलेज के मालिक और कॉलोनाइजर राकेश शर्मा को आखिरकार भोजीपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने उसे बिल्वा चौकी के पास से पकड़ा। वह धोखाधड़ी के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राकेश शर्मा पुत्र स्व. प्यारेलाल शर्मा, निवासी मॉडर्न विलेज, घंघोरा पिपरिया के रूप में हुई है। पुलिस को शनिवार को सूचना मिली थी कि वह बिल्वा चौकी के आसपास देखा गया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। टीम में एसआई पुष्पेंद्र सिंह, अजय सिंह, प्रणव मौर्य और कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे।
1999 से शुरू हुआ था मुकदमों का सिलसिला
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो पुलिस भी हैरान रह गई। राकेश शर्मा के खिलाफ पहला मुकदमा साल 1999 में दर्ज हुआ था। तब से लेकर अब तक उसके खिलाफ कुल 26 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इन मुकदमों में धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज बनाना, रंगदारी, लूट और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। सिर्फ भोजीपुरा ही नहीं, कैंट, इज्जतनगर, देवरनियां और बिथरी चैनपुर थानों में भी उसके खिलाफ केस दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

