रकाबगंज चौराहे पर पत्रकार संवाद मंच और दैनिक शिज़ा टाइम्स की शानदार खिदमत
जुलूसे मदहे साहब में उमड़े अकीदतमंदों के लिए पानी-शरबत और लंगर का इंतजाम

संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
लखनऊ। जुलूसे मदहे साहब के मौके पर पत्रकार संवाद मंच एवं दैनिक शिज़ा टाइम्स की ओर से रकाबगंज चौराहे पर सबील और लंगर का विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान जुलूस में शामिल अकीदतमंदों और राहगीरों के लिए पानी, शरबत, पूरी-सब्जी, भोजन तथा तबर्रुक का विशेष इंतजाम किया गया। पत्रकार संवाद मंच और दैनिक शिज़ा टाइम्स से जुड़े सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अकीदतमंदों की खिदमत की।
रकाबगंज चौराहे पर लगाए गए इस सेवा शिविर में जुलूस में शामिल लोगों को दिल खोलकर पानी, शरबत और भोजन वितरित किया गया। लंबी दूरी तय कर जुलूस में शामिल होने वाले अकीदतमंदों के लिए यह व्यवस्था राहत का सबब बनी। लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए पत्रकार संवाद मंच एवं दैनिक शिज़ा टाइम्स की टीम का शुक्रिया अदा किया।
जुलूसे मदहे साहब लखनऊ का एक ऐतिहासिक जुलूस है, जिसमें शहर के साथ-साथ विभिन्न प्रदेशों से आए अकीदतमंद भी बड़ी संख्या में शिरकत करते हैं। यह जुलूस अमीनाबाद स्थित झंडेवाली पार्क से शुरू होकर मौलवीगंज, रकाबगंज चौराहा, नादान महल रोड, नक्खास और यशोदा इंटर कॉलेज होते हुए हैदरगंज चौराहे से ईदगाह पहुंचकर संपन्न होता है।
जुलूस के दौरान अकीदतमंदों के हाथों में सरकार-ए-दो-आलम हजरत मोहम्मद मुस्तफा के परचम के साथ विभिन्न रंगों के झंडे नजर आते हैं। इन परचमों पर सहाबा-ए-किराम के नाम भी अंकित होते हैं। किसी पर हजरत अबू बकर सिद्दीक़ؓ, किसी पर हजरत उस्मान गनीؓ और किसी पर हजरत अलीؓ का नाम नज़र आता है। विभिन्न अंजुमनों के लोग अपने परचमों के साथ जुलूस में शामिल होते हैं और नात-ए-पाक व धार्मिक कलाम पेश करते हुए आगे बढ़ते हैं।
जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। पुलिसकर्मी पूरे मार्ग पर लगातार तैनात रहे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। अराजक तत्वों पर नजर रखने के साथ-साथ ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी जुलूस की निगरानी की गई।
पुलिस और प्रशासन की कई दिनों की तैयारियों तथा सुरक्षा व्यवस्था का असर जुलूस के दौरान साफ नजर आया। पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर मुस्तैद रहे और यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित करते रहे। जुलूस निर्धारित मार्ग से शांतिपूर्वक आगे बढ़ता रहा।
वहीं, जुलूस में शामिल मौलानाओं और जिम्मेदार लोगों ने भी अकीदतमंदों से पुलिस-प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जुलूस पुलिस की गाइडलाइन और प्रशासन के सहयोग से निकाला जा रहा है तथा सभी लोग व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं।
फिलहाल जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ चुका है और पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद रहे। जुलूस में उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़, अंजुमनों की शिरकत और जगह-जगह की गई सबील व लंगर की व्यवस्था ने पूरे माहौल को खिदमत, भाईचारे और धार्मिक आस्था से सराबोर कर दिया।
पत्रकार संवाद मंच एवं दैनिक शिज़ा टाइम्स की ओर से आयोजित सबील और लंगर ने भी इस जुलूस में खिदमत और इंसानियत की खूबसूरत मिसाल पेश की।




