
संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
बरेली। शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद, बरेली के जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने बरेली जनपद के साथ साथ प्रदेश में जारी भीषण गर्मी, हीटवेव तथा बिजली की समस्या से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए परिषदीय विद्यालयों को 1 जुलाई, 2026 से संचालित किए जाने की मांग उठाई है।
इस संबंध में उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी, बरेली को ईमेल के माध्यम से प्रेषित किया। ज्ञापन में अनुरोध किया गया है कि वर्तमान मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए परिषदीय विद्यालयों के संचालन की तिथि पर पुनर्विचार किया जाए, ताकि छोटे बच्चों को भीषण गर्मी एवं लू के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखा जा सके।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत अधिकांश छात्र-छात्राएँ ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। उन्हें प्रतिदिन तेज धूप में विद्यालय आना-जाना पड़ता है, जिससे लू, निर्जलीकरण एवं अन्य गर्मी जनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों का संचालन 1 जुलाई से प्रारंभ किया जाना जनहित एवं छात्रहित में होगा।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों के हित एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी। साथ ही जिलाधिकारी महोदय से अनुरोध किया गया है कि उक्त ज्ञापन को शासन स्तर पर शीघ्र प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।।




