धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप पर कार्रवाई की मांग, जमात रज़ा-ए-मुस्तफा ने एसपी सिटी को सौंपा ज्ञापन

संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस

बरेली। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नाजिया इलाही खान के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठी है। जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि नाजिया इलाही खान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो के जरिए नबी-ए-करीम और उम्मुल मोमिनीन हजरत आयशा सिद्दीका की शान में आपत्तिजनक टिप्पणी की है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इससे मुस्लिम समाज के करोड़ो लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। प्रतिनिधिमंडल ने शिकायती पत्र के माध्यम से नाजिया इलाही खान के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कराने , तत्काल आपत्तिजनक वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान उर्फ फरमान मियां के दिशा-निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल एसपी सिटी मानुष पारिक से मिला। उन्होंने कहा, “मस्लके आला हजरत की बुनियाद नबी-ए-पाक की इश्क और ताजीम पर है। इमाम अहमद रजा खान फाजिले बरेलवी ने अपनी पूरी जिंदगी हुजूर की शान की हिफाजत में लगा दी। आज अगर कोई शख्स सोशल मीडिया के जरिए हमारे आका और उम्मुल मोमिनीन हजरत आयशा सिद्दीका की शान में गुस्ताखी करता है तो ये पूरे मुल्क के अमन-चैन पर हमला है।” हम प्रशासन से पुरजोर मांग करते हैं कि दोषी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।”
इस दौरान डॉ. मेहंदी हसन खां , शाईब उद्दीन रज़वी, सय्यद इकरार एडवोकेट, राशिद खान एडवोकेट, अकबर हुसैन एडवोकेट, नूर जहाँ एडवोकेट, हाफिज तौसीफ, मुफ्ती रहबर, मौलाना फरमान, जुबैर नबी, इलयास खान, रिजवान अली, मोहम्मद जुबैर, अदनान, फरमान हुसैन, मुहम्मद कमर रजवी, बिलाल रज़ा घोसी, जुनैद रज़ा अजहरी, कमर रज़ा, वसीम रज़ा समेत कई जिम्मेदार मौजूद रहे।
एसपी सिटी ने ज्ञापन लेकर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायती पत्र में दिए गए तथ्यों और वीडियो की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।।




