
आदिल बेग संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस मीरगंज।

दुनका। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में सोमवार को क्षेत्राधिकारी अजय कुमार एवं थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में दुनका में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च दुनका पुलिस चौकी से शुरू होकर धनेटा-शीशगढ़ मार्ग से होते हुए मोहल्ला इस्लाम नगर तक पहुंचा। इस दौरान भारी पुलिस बल के साथ दुनका चौकी प्रभारी भी मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एवं शांति का अहसास कराया और लोगों को त्योहार के दौरान चाक-चौबंद व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
अफवाहों से बचने की अपील, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

फ्लैग मार्च के दौरान सीओ अजय कुमार ने स्थानीय लोगों से संवाद किया और मोहर्रम जुलूस को अमन-चैन के साथ निकालने में सहयोग मांगा। उन्होंने कहा, “मोहर्रम के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हर तरह की असामाजिक गतिविधि और अफवाहों पर पुलिस की पैनी नजर है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी मॉनिटरिंग की जा रही है।”
वहीं थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, “त्योहार हम सभी के हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। फ्लैग मार्च का मकसद अराजक तत्वों को सख्त संदेश देना और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।।




