
संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस

बरेली।जिलाध्यक्ष हरी शंकर, शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद, बरेली ने स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत संजय कम्युनिटी हॉल परिसर में निर्मित सरोवर को शीघ्र चालू कर आम जनता के लिए उपलब्ध कराने की माँग जिला प्रशासन से की है।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना का उद्देश्य शहरवासियों को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य के तहत संजय कम्युनिटी हॉल में सरोवर का निर्माण कराया गया था, लेकिन अभी तक इसके संचालन की व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है, जिससे आम नागरिकों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
हरी शंकर ने कहा कि यह सरोवर शहर के सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिकों के लिए एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। यदि इसे नियमित रूप से संचालित किया जाए तो बच्चों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं परिवारों को एक बेहतर मनोरंजन और प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने जिला प्रशासन से माँग की कि सरोवर की नियमित साफ-सफाई, जल संरक्षण, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा आवश्यक तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए इसे शीघ्र आम जनता के लिए खोला जाए।
जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने कहा कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना को लंबे समय तक बंद रखना उचित नहीं है। स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत निर्मित इस सुविधा का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बरेली के नागरिकों को इसका लाभ मिल सके और शहर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के उद्देश्य को सार्थक बनाया जा सके। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिला प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस संबंध में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा।।




