वीवीआईपी दौरे को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, एसएसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस

बरेली। जनपद में 30 जून 2026 को प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली ने रविवार को सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की व्यापक समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान एसएसपी ने जीआईसी ऑडिटोरियम, सर्किट हाउस और पुलिस लाइन बरेली का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।

इसके बाद पुलिस लाइन स्थित रविन्द्रालय में समीक्षा बैठक एवं ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी जिम्मेदारियों के संबंध में निर्देशित किया गया। एसएसपी ने कहा कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, चिकित्सा सुविधाओं तथा कार्यक्रम स्थल की तैयारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक स्तर पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।।



