
आदिल बेग/संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस

बरेली। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतों और उपलब्धता की समस्या को लेकर महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक मांग पत्र जिलाधिकारी बरेली के माध्यम से भेजा गया। व्यापार मंडल ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी और बढ़ी हुई दरों के कारण कुटीर उद्योग, घरेलू उद्योग, होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैटरिंग व्यवसाय, डेरी संचालक, फेरी व ठेला लगाकर खाद्य सामग्री बेचने वाले छोटे व्यापारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा 1 मई 2026 से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी वृद्धि की गई है, जिससे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और कई छोटे व्यवसाय बंदी के कगार पर पहुंच गए हैं।
मांग पत्र में कमर्शियल गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, घरेलू गैस की तरह ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था लागू करने, गैस के वैकल्पिक संसाधनों की खोज के लिए अनुसंधान समिति गठित करने तथा बढ़ी हुई दरों को तुरंत वापस लेने की मांग की गई है।
इसके अलावा व्यापारियों ने शादी-विवाह व अन्य आयोजनों के लिए मांग अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराने, अस्पतालों व स्कूलों को आवश्यकतानुसार गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा एजेंसियों को दिए जाने वाले भाड़े में कटौती कर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग भी उठाई है।
व्यापार मंडल ने कमर्शियल गैस सिलेंडर पर जीएसटी की दर 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने तथा गैस की कमी की स्थिति में उद्योगों को वैकल्पिक ईंधन उपयोग की अस्थायी अनुमति देने की मांग भी की है।
व्यापार प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो देशभर के छोटे व्यापारियों और उद्योग जगत को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।



