संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
भोजीपुरा। बरेली के भोजीपुरा स्थित राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉक्टर ने अपने डॉक्टर पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसका मोबाइल फोन हैक करके निजी जिंदगी में दखल देना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, पति ने उसके बैचमेट्स और रिश्तेदारों को फोन कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले प्रकाश मे आने के बाद मेडिकल कॉलेज से लेकर पुलिस महकमे तक चर्चा तेज हो गई है।
भोजीपुरा थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर सुधा एस का अपने पति अमन कुमार सिंह और ससुराल पक्ष से लंबे समय से विवाद चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि इससे पहले भी महाराष्ट्र के नालासोपारा अचोले थाने में पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। आरोप है कि अब पति ने मोबाइल फोन हैक कर उसकी निजी जिंदगी और संपर्कों पर नजर रखना शुरू कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक 30 अप्रैल को पति ने उनके बैचमेट सिद्धार्थ को फोन कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए फोन पर गाली-गलौज करते हुए धमकियां दी। यही नहीं, पीड़िता के चचेरे भाई दिव्यांश को भी कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई। लगातार हो रही इन घटनाओं से पीड़िता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। रिपोर्ट में पीड़िता ने अपनी ननद तनुश्री पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ननद उनके बैचमेट निवेदिता, अनुश्री और जयंती को मैसेज भेजकर निजी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। पीड़िता ने इसे सुनियोजित मानसिक प्रताड़ना बताया है।पीडिता का कहना है कि लगातार धमकियों, फोन हैकिंग और मानसिक उत्पीड़न की वजह से वह अपनी पढ़ाई और डॉक्टरी के काम पर ध्यान नहीं दे पा रही हैं। इससे उनकी मानसिक स्थिति और एकाग्रता पर गंभीर असर पड़ा है। भोजीपुरा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मामले में शांतिभंग करने के इरादे से अपमान और आपराधिक धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।




