
संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
बरेली। बरेली शरीफ से एक बार फिर इंसानियत और मोहब्बत का पैगाम देने वाली मिशाल कायम की गयी । जमात रज़ा-ए-मुस्तफ़ा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान फरमान मियाँ 10 मई को बरेली शरीफ़ से बिहार के किशनगंज रवाना होंगे और मरहूम आलिम-ए-दीन मौलाना तौसीफ़ रज़ा मज़हरी के परिवार से मुलाकात करेंगे।
इस मौके पर हुजूर काइद-ए-मिल्लत की जानिब से मरहूम की बेवा को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद भी दी जाएगी। फरमान मियाँ ने कहा कि यह मदद सिर्फ आर्थिक सहारा नहीं, बल्कि अहले सुन्नत की एकजुटता, मोहब्बत और उलेमा के प्रति गहरे सम्मान का प्रतीक है।
मरकज़-ए-अहलेसुन्नत, बरेली शरीफ़ के मुताबिक, मौलाना तौसीफ़ रज़ा मज़हरी की असमय मृत्यु ने पूरे समुदाय को गम में डाल दिया था। ऐसे में फरमान हसन खान फरमान मियाँ का परिवार से मिलना और मदद करना समुदाय में एकता और हौसले का संदेश दे रहा है। उन्होंने कहा कि उलेमा समाज की रूहानी रहनुमाई करते हैं, इसलिए उनके परिवारों की मदद करना समाज का फर्ज है।जमात रज़ा-ए-मुस्तफ़ा हमेशा उलेमा और उनके परिजनों के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।
बरेली शरीफ़ से लेकर किशनगंज बिहार तक फरमान मियाँ के इस दौरे को लेकर चर्चाएं तेज हो गयी है। जमात रज़ा-ए-मुस्तफ़ा के कार्यकर्ताओं का कहना है कि फरमान मियाँ के पहुँचने से पीड़ित परिवार को तसल्ली एवं मजबूती मिलेगी और अहले सुन्नत में यकजहती का पैगाम और मजबूत होगा।



