
संवाददाता आदिल बेग मीरगंज
मीरगंज। गुरुवार को मीरगंज ब्लॉक मुख्यालय पर भारतीय जनता पार्टी मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य बूथ सत्यापन एवं शक्तिकेंद्र संयोजक सत्यापन प्रक्रिया की समीक्षा करना रहा। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में मुख्य अतिथि एवं प्रवासी के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश राजपूत उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक बूथ तक पहुंच बनाना और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि सत्यापन कार्य पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और सक्रियता के साथ किया जाए।
बैठक में शक्तिकेंद्र संयोजकों को उनके कार्यक्षेत्र में जमीनी पकड़ मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं संगठनात्मक टिप्स भी दिए गए। वक्ताओं ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
बैठक में क्षेत्र के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रमुख रूप से तेजपाल सिंह फौजी, गोपाल कृष्ण, अजयवीर चौधरी, यशवंत, सुधीर शर्मा, गुड्डू राजपूत, रोली सिंह, ओमपाल गंगवार, विनीता गंगवार, प्रमोद शर्मा, बेचे लाल मौर्य, विशाल गंगवार, भानू फौजी एवं राजेश गंगवार उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा भाजपा की विचारधारा को बूथ स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।




