
संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। रविवार देर रात जारी आदेश में 8 जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) भी बदले गए हैं। इस निर्णय को शासन की कार्यप्रणाली में तेजी और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।
तबादलों के तहत देवरिया, जौनपुर, मऊ, महराजगंज, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, संभल और प्रतापगढ़ में नए जिलाधिकारियों की तैनाती की गई है।
जारी सूची के अनुसार, मधुसूदन हुल्गी को डीएम देवरिया, सैमुअल पाल एन को डीएम जौनपुर, आनंद वर्धन को डीएम मऊ और गौरव सिंह सोगरवाल को डीएम महराजगंज बनाया गया है। वहीं संतोष कुमार शर्मा को फिरोजाबाद, राजेंद्र पेंसिया को मुरादाबाद, अंकित खंडेलवाल को संभल और अभिषेक पांडेय को प्रतापगढ़ का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शिव सहाय अवस्थी को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है, जबकि अनुज सिंह को विशेष सचिव मुख्यमंत्री के पद पर तैनात किया गया है। अभिनव गोयल को गोरखपुर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और अजय जैन को नगर आयुक्त गोरखपुर बनाया गया है।
डॉ. अल्का वर्मा को विशेष सचिव वित्त एवं रजिस्ट्रार चिट्स एवं सोसायटी, जबकि निधि बंसल को निदेशक (प्रशासन) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं बनाया गया है। इसके साथ ही डॉ. दिनेश चंद्र को विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग और प्रवीण मिश्रा को विशेष सचिव समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, चर्चित तकनीकी इस्तीफा मामले में रहे रिंकू सिंह राही का इस्तीफा वापस लेते हुए उन्हें जालौन में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनाती दी गई है। गौरतलब है कि इस फेरबदल में मुरादाबाद और संभल जैसे महत्वपूर्ण जिलों में भी नए डीएम की तैनाती की गई है, जिससे प्रशासनिक स्तर पर नई कार्यशैली देखने को मिल सकती है।
सरकार के इस फैसले को प्रदेश में प्रशासनिक कसावट लाने और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



