
संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
बरेली। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना मीरगंज पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से लाखों रुपये कीमत की स्मैक, बेंटोनाइट पाउडर और एक कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 3/4 मई की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चौकी प्रभारी लाभारी उपनिरीक्षक सूरजपाल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर आरोपी मेहताब पुत्र नवाब, निवासी ग्राम मोहनपुर थाना फरीदपुर को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कुल 362 ग्राम अवैध स्मैक जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 36 लाख रुपये, 4 किलो 668 ग्राम बेंटोनाइट पाउडर और एक स्विफ्ट कार बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना मीरगंज में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खेती करता है, लेकिन कम आमदनी के चलते अधिक पैसे कमाने के लालच में स्मैक का कारोबार करने लगा। वह ट्रक चालकों से स्मैक खरीदता था और उसमें बेंटोनाइट पाउडर मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाकर बेचता था, जिससे उसे ज्यादा मुनाफा होता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके आपराधिक इतिहास का पता चलता है।।
इस कार्रवाई के संबंध में पुलिस अधीक्षक दक्षिण अंशिका वर्मा ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी दौरान उपनिरीक्षक सूरजपाल (चौकी प्रभारी लाभारी), हेड कांस्टेबल आसिम हुसैन, कांस्टेबल अंकुर कुमार और विवेक शर्मा की अहम भूमिका रही।।




