
संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस

बरेली। जनगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, जनगणना के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” का कार्य शुरू हो चुका है।
इस प्रक्रिया के तहत 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर नागरिकों से जरूरी जानकारी एकत्र करेंगे। यह जनगणना सिर्फ जनसंख्या की गिनती तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आयु, लिंग, शिक्षा, आर्थिक स्थिति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक और आर्थिक आंकड़े भी जुटाए जाएंगे, जो भविष्य की नीतियों और योजनाओं का आधार बनेंगे।
![]()
इस बार सरकार ने जनगणना को डिजिटल माध्यम से कराने का फैसला लिया है। इसी क्रम में 7 मई से 21 मई तक “स्व-गणना” यानी सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा भी दी गई है।
जनपद में इस अभियान को बढ़ावा देने के लिए 14 दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। खास बात यह है कि 9 मई को “यूथ एंड स्पोर्ट्स डे / कम्युनिटी इंस्टीट्यूशन्स / मीडिया डे” के रूप में मनाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों, पदाधिकारियों और मीडिया से अपील की है कि वे सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल के माध्यम से अपनी जनगणना स्वयं करें और इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
साथ ही, जनगणना से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा कर लोगों में जागरूकता फैलाने का भी आग्रह किया गया है। यदि किसी को स्व-गणना में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो कंट्रोल रूम नंबर 0581-2428188 और मोबाइल नंबर 7985296287 / 9792359227 पर संपर्क किया जा सकता है।




