Welcome to लोकतंत्र एक्सप्रेस   Click to listen highlighted text! Welcome to लोकतंत्र एक्सप्रेस
अनियमिताएंक्राइमटॉप न्यूज़बडी खबरबरेलीभ्रष्टाचारयूपी

एंटी करप्शन का छापा, दस हजार की रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस 

 

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र की बैरियर-दो पुलिस चौकी पर शुक्रवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दरोगा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी दरोगा को टीम अपने साथ सीबीगंज थाने ले गई, जहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम के मुताबिक गिरफ्तार दरोगा विमल सिंह चौहान इज्जतनगर थाने में तैनात था और बैरियर-दो चौकी पर ड्यूटी कर रहे था। आरोप है कि उन्होंने एक पारिवारिक विवाद से जुड़े मुकदमे को खत्म कराने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता एंजिला मैसी निवासी असलम कॉलोनी, इज्जतनगर ने एंटी करप्शन टीम को बताया कि उनके खिलाफ इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज था। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया, लेकिन मुकदमे के निस्तारण के एवज में दरोगा लगातार रिश्वत मांग रहे थे।

महिला की शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन की टीम ने पूरे मामले की जांच की। आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की योजना बनाई गई। शुक्रवार दोपहर करीब 1:40 बजे टीम ने बैरियर-दो चौकी के अंदर ही दरोगा विमल सिंह चौहान को 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। टीम ने मौके पर ही रिश्वत की रकम बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपी दरोगा को सीबीगंज थाने लाया गया, जहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है। टीम ने कहा कि सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!