
संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस

आंवला/बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज आंवला रेंज के अंतर्गत रामनगर सेक्शन में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आंवला की उपजिलाधिकारी श्रीमती विदुषी सिंह ने स्वयं पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इस अवसर पर तहसीलदार आंवला बृजेश वर्मा, भाजपा मंडल महामंत्री अविनाश मौर्य, रामनगर ब्लॉक प्रमुख मित्र पाल सिंह और उप क्षेत्रीय वन अधिकारी अवनेश गंगवार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों और वन विभाग के अधिकारियों ने मिलकर कई फलदार व छायादार पौधे रोपे। एसडीएम विदुषी सिंह ने कहा, “पेड़ सिर्फ लगाना नहीं, उन्हें बचाना भी हमारी जिम्मेदारी है। हर व्यक्ति एक पेड़ लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तभी धरती हरी-भरी रहेगी।”

ग्रामीणों ने लिया हरियाली का संकल्प
कार्यक्रम में जगतीरा, गुलरगांव और महमूदपुर के ग्राम प्रधानों के साथ वन दरोगा राम शरण, वन रक्षक अमित कुमार, नितिन कुमार, अजय गंगवार और महेश चन्द्र समेत वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। क्षेत्र के कई संभ्रांत नागरिकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि मानसून के दौरान वृक्षारोपण अभियान को जन-आंदोलन बनाएं।

“एक व्यक्ति-एक पेड़” का संकल्प लेकर पर्यावरण बचाएं
कार्यक्रम के अंत में वन विभाग ने ग्रामीणों को पौधों की देखभाल और जल संरक्षण के उपाय भी बताए। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की और इसे हर साल बड़े स्तर पर करने की मांग रखी।।




