Welcome to लोकतंत्र एक्सप्रेस   Click to listen highlighted text! Welcome to लोकतंत्र एक्सप्रेस
जन समस्याटॉप न्यूज़बडी खबरबरेलीयूपीविद्युत विभाग

जिलेभर मे आंधी- बारिश ने मचाई में भारी तबाही, कई जगह कारो पर गिरे पेड़,कई इलाकों की बिजली गुल

विद्युत विभाग एवं वन विभाग की बडी चिंताए,सड़कों से हटाये गये पेड आवागमन किया सुचारू

संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस 

 

बरेली। जनपद में आज मौसम ने अचानक ऐसी करवट ली कि पूरे जनपद में भारी तबाही देखने को मिली। 20 से 25 मिनट की तेज आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे जिले में अफरा-तफरी मचा दी। तेज आंधी में जगह-जगह पेड़, होर्डिंग्स और बिजली के पोल धराशायी हो गए। कई इलाकों में सड़कें बाधित हो गईं, जबकि बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हालांकि बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली।

 

सुबह करीब साढ़े दस बजे आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने पहले ही तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई थी। आंधी इतनी तेज थी कि दामोदर स्वरूप पार्क में एक पोल गिर गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। पोस्टमार्टम हाउस रोड और तहसील गेट पर भी बड़े पेड़ सड़क पर गिर पड़े।

 

कारों पर टूटकर गिरे पेड़

आंधी के दौरान सेटेलाइट पुल की सर्विस रोड पर एक विशाल पेड़ गिर गया। वहीं विकास भवन के पास सड़क से गुजर रही कार पर पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। शाहजहांपुर रोड पर भी एक अन्य कार पेड़ की चपेट में आ गई। राहत की बात रही कि किसी भी घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। संजय नगर के होली चौराहे के पास बंटी ठाकुर वाली गली में तेज आंधी के चलते पीपल का विशाल पेड़ दो मकानों पर गिर पड़ा। हादसे में मकानों को भारी नुकसान पहुंचा। वहीं स्टेडियम के सामने एक कार पर पेड़ गिरने से कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ों को हटाने का काम शुरू कराया।तेज हवाओं के कारण कलक्ट्रेट रोड पर लगा बड़ा साइन बोर्ड एक तरफ झुक गया। हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने रोड की एक लेन पर यातायात रोक दिया। वहीं बरेली कॉलेज के पास नगर निगम बाजार की दीवार भी भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था। आंधी का असर देहात क्षेत्रों में भी देखने को मिला। सिरौली के मोहल्ला साहूकारा में बिजली का पोल गिर गया। फतेहगंज पश्चिमी में सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। रिठौरा में निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

 

बिजली व्यवस्था हुई ध्वस्त

तेज आंधी और बारिश के चलते शहर से लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई। कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। बिजली विभाग की टीमें फॉल्ट तलाशने और आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं। वहीं मुरादाबाद और रोजा के बीच ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त होने से रेल यातायात भी प्रभावित रहा। तेज बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। सुबह 11 बजे तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम सुहाना होने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन आंधी से हुए नुकसान ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल भी खड़े कर दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!