आदिल बेग। संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
बरेली । जनपद में पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 75 ग्राम अवैध स्मैक और एक अपाचे बाइक बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बीती रात कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बाइक से अवैध स्मैक लेकर मीरगंज की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और कस्बा अंडरपास के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार युवक को आते देखा। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 75 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अपाचे बाइक संख्या UP 21 BE 1856 को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उर्जेन पुत्र अंदलाज निवासी ग्राम मुंडीखेड़ी, थाना जावर, जिला सीहोर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। वर्तमान में वह मोहल्ला कोहिनूर, थाना कटघर, मुरादाबाद में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि अधिक पैसे कमाने के लालच में वह स्मैक तस्करी के धंधे में शामिल हो गया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



