Welcome to लोकतंत्र एक्सप्रेस   Click to listen highlighted text! Welcome to लोकतंत्र एक्सप्रेस
टॉप न्यूज़पीलीभीतबडी खबरयूपी

प्रेमी से शादी की जिद में पानी की टंकी पर चढ़ी किशोरी, गांव में मचा हड़कंप

संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस 

 

पीलीभीत। माधोटांडा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 17 वर्षीय किशोरी अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर गांव की पानी की ओवरहेड टंकी पर चढ़ गई। टंकी की ऊंचाई पर खड़ी किशोरी बार-बार एक ही बात दोहराती रही कि अगर उसकी शादी प्रेमी से नहीं कराई गई तो वह नीचे नहीं उतरेगी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

किशोरी को टंकी पर चढ़ा देख परिवार वालों के होश उड़ गए। मां-बाप और रिश्तेदार नीचे खड़े होकर उसे मनाते रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। गांव की महिलाएं भी उसे समझाने पहुंचीं, मगर किशोरी अपनी जिद पर अड़ी रही। करीब एक घंटे तक गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहमे रहे।

सूचना मिलते ही माधोटांडा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि किशोरी गांव के ही 21 वर्षीय युवक से प्रेम करती है और उसी से शादी करना चाहती है। परिजन इस रिश्ते के खिलाफ बताए जा रहे हैं। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत युवक को मौके पर बुलवाया।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों की सांसें उस समय थम गईं, जब प्रेमी खुद पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया। उसने काफी देर तक किशोरी को समझाया और भरोसा दिलाया कि वह कोई गलत कदम न उठाए। प्रेमी की बात सुनने के बाद किशोरी आखिरकार नीचे उतरने के लिए राजी हो गई। दोनों के सुरक्षित नीचे आते ही परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

इसके बाद पुलिस दोनों को माधोटांडा थाने ले गई, जहां महिला सहायता डेस्क की टीम ने किशोरी की काउंसलिंग की। पुलिस ने परिवार वालों से भी बातचीत कर पूरे मामले को शांत कराया। इंस्पेक्टर अशोक पाल सिंह ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा था। किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

घटना के बाद पूरे गांव में दिनभर इसी मामले की चर्चा होती रही। कई ग्रामीण टंकी पर चढ़ी किशोरी का वीडियो बनाते नजर आए। लोगों का कहना था कि अगर समय रहते पुलिस और युवक मौके पर नहीं पहुंचते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!