आदिल बेग।संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस मीरगंज।
आदिल बेग मीरगंज, बरेली। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मीरगंज के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैभव राठौर ने आमजन के लिए विशेष स्वास्थ्य चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें, क्योंकि इस दौरान हीट स्ट्रोक का खतरा सबसे अधिक रहता है।
डॉ. राठौर ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और शरीर में पानी की कमी के कारण व्यक्ति हीट स्ट्रोक का शिकार हो सकता है। इसके प्रमुख लक्षणों में शरीर का तापमान 103 से 104 डिग्री तक पहुंचना, पसीना बंद हो जाना, चक्कर आना और बेहोशी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में उपचार कराना चाहिए।
उन्होंने बताया कि सीएचसी मीरगंज में हीट वेव से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष “डेडिकेटेड हीट वेव रूम” स्थापित किया गया है। यहां मरीजों के इलाज के लिए आइस पैक, फ्लूइड्स तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। अस्पताल की चिकित्सकीय टीम 24 घंटे मुस्तैदी के साथ तैनात है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए अधिक मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। डॉ. राठौर ने नींबू-पानी, शिकंजी और ओआरएस घोल पीने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यदि घरेलू उपायों से राहत न मिले तो बिना देरी किए चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को गर्मी से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।




