डीआईजी अजय साहनी की सख्ती रंग लाई, मंडल में बदमाशों पर टूटा पुलिस का कहर
मंडल में एक रात में 3 एनकाउंटर, बदायूं में लुटेरे, पीलीभीत में हत्यारोपी, बरेली में अधिवक्ता पर हमला करने वाला ढेर

संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
बरेली। डीआईजी अजय साहनी की सख्ती के चलते बरेली मंडल भर में पुलिस ने चौतरफा प्रहार कर 6 बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। डीआईजी अजय साहनी के निर्देश पर बरेली, बदायूं और पीलीभीत में एक साथ पुलिस ने कार्रवाई की। कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों को पुलिस ने सबक सिखा दिया। डीआईजी अजय साहनी की जीरो टॉलरेंस नीति की चर्चा अब पूरे प्रदेश में हो रही है।
बदायूं में 9 मई को वैरमई बुजुर्ग निवासी लोकेश बाबू से ब्योली मढ़ी के पास बाइक, मोबाइल, नकदी लूटी गई थी। रविवार रात 12 बजे वजीरगंज में बिल्सी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार आरोपितों को घेर कर गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि घेराबंदी देखकर आरोपितों ने गोलियां चलाई, जिसमें सिपाही प्रिंस चौधरी घायल हो गए। जवाबी फायरिंग में फारुख उर्फ बादशाह व अमन चतुर्वेदी के पैर में गोली लगी। तीसरा आरोपित सुरजीत उर्फ नानू को कांबिंग में पकड़ा गया। तीनों से लूटी गई बाइक बरामद हुई। फारुख बिल्सी, अमन टीकमगढ़ एमपी और सुरजीत शाहजहांपुर का रहने वाला है।
पीलीभीत के बिलसंडा में गुरुवार को कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की हत्या कर दी गई थी। रविवार रात पुलिस ने शाहजहांपुर निवासी आरोपित सुमित सागर को बिलसंडा में घेर लिया। भागने के प्रयास में उसने तमंचे से फायर किया, जिसके छर्रे लगने से सिपाही गुरमीत घायल हो गए। जवाबी फायरिंग में सुमित को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया गया। इस मामले में शनिवार को भी 3 आरोपितों को मुठभेड़ में पकड़ा गया था।
बरेली में अधिवक्ता पर हमला करने वाला बिलाल घोषी भी लहूलुहान
शनिवार रात सुभाषनगर निवासी अधिवक्ता बृजेश मिश्रा पर गुलाबनगर में बिलाल घोषी ने चाकू से हमला किया था। बिलाल ने बृजेश की पीठ और गर्दन पर चाकू मारा था। रविवार रात पुलिस ने उसे भी मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। पैर में गोली लगने पर जिला अस्पताल में भर्ती है। गिरफ्तारी के वक्त गिड़गिड़ाकर बोला – “बहुत बड़ी गलती हो गई थी, अब कभी नहीं होगी। सिर्फ इस बार माफ कर दो।”
डीआईजी अजय साहनी की रणनीति का असर, मंडल में अपराधियों में दहशत
डीआईजी अजय साहनी ने मंडल में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। एक रात में 3 जिलों में 6 बदमाशों को गोली मारकर गिरफ्तार करने से पुलिस का मनोबल ऊंचा है। डीआईजी अजय साहनी ने साफ कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बरेली मंडल में पुलिस की इस कार्रवाई की हर तरफ तारीफ हो रही है। जनता में भी सुरक्षा का भाव बढ़ा है।।




