जी एस टी विभाग ने व्यापारी संवाद कार्यक्रम का किया आयोजन

आदिल बेग मीरगंज संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस

फतेहगंज पश्चिमी । राज्य कर विभाग खण्ड-5, बरेली द्वारा गुरुवार को विकास खंड फतेहगंज पश्चिमी के सभागार में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य शासन की मंशा के अनुरूप विभाग एवं व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करते हुए एक पारदर्शी कर प्रणाली बनाना है, जिसमें राज्य कर विभाग के अधिकारीगण, व्यापार मण्डल के पदाधिकारीगण, अधिवक्ता बंधु तथा व्यापारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दीपक कुमार सिंह, उपायुक्त राज्य कर खण्ड-5 द्वारा की गयी। विभाग की तरफ से गौरव सिंह सहायक आयुक्त, खण्ड-5 तथा सुनील कुमार राज्य कर अधिकारी खण्ड-5 उपस्थित रहे। दीपक कुमार सिंह ने जीएसटी -2.0 सुधारों पर प्रकाश डाला। गौरव सिंह द्वारा विभाग द्वारा रजिस्ट्रेशन बेस बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा किये गये प्रयासों से अवगत कराया गया, जिसमें जी०एस०टी० पंजीकरण में आई नयी व्यवस्था 14 ए के बारे में बताया गया। इसके अतिरिक्त ई वे बिल में होने वाले परिवर्तन, समय से रिटर्न दाखिल करने के लाभ, कम्पोजिशन व्यापारियों, सर्विस सेक्टर के व्यापारियों इत्यादि को आई०टी०सी० तथा इन्वाइसिंग के बारे में विस्तार से बताया गया । उ0प्र0 पश्चिमी व्यापार मण्डल के अध्यक्ष कैलाश शर्मा द्वारा विभाग द्वारा आयोजित किये गये इस संवाद कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए व्यापारियों को इसके लाभ के बारे में बताया गया एवं व्यापारियों की समस्याओं एवं महत्वपूर्ण सुझाव कार्यक्रम के समक्ष रखा गया।इस दौरान संजय चौहान, हुमायूं, सीए अफरोज, सुरेन्द्र वीर गंगवार, भूपेन्द्र सिंह, नुक्ता प्रसाद मौर्य, आयूष गुप्ता आदि मौजूद रहे।




