Welcome to लोकतंत्र एक्सप्रेस   Click to listen highlighted text! Welcome to लोकतंत्र एक्सप्रेस
टॉप न्यूज़बडी खबरबरेलीयूपीवन विभाग

मुख्य वन संरक्षक कार्यालय के जीर्णोद्वार एवं विस्तारीकरण कार्य का उद्घाटन, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियों को लेकर बरेली-मुरादाबाद मंडल की समीक्षा बैठक, नगर वन के लिए 4.99 करोड़ का आवंटन

संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस 

बरेली।आज शुक्रवार को बरेली में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग डॉ0 अरुण कुमार सक्सेना ने मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य वन संरक्षक, रूहेलखण्ड जोन, उ0प्र0 बरेली के कार्यालय भवन के जीर्णोद्वार एवं विस्तारीकरण कार्य का विधिवत उद्घाटन किया। 

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण  

उद्घाटन से पूर्व कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत हरियाली का संदेश दिया गया। डॉ0 अरुण कुमार सक्सेना, विशिष्ट अतिथि प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष उ0प्र0 लखनऊ सुनील चौधरी तथा अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक योजना एवं कृषि वानिकी उ0प्र0, लखनऊ दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से रुद्राक्ष, बेल एवं महानीम के पौधे रोपे। 

वृक्षारोपण महायज्ञ-2026: समीक्षा बैठक में दिए अहम निर्देश  

कार्यक्रम के बाद मुख्य वन संरक्षक कार्यालय में मा0 वन मंत्री जी की अध्यक्षता में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियों को लेकर बरेली व मुरादाबाद मंडल की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में वन मंत्री ने दोनों मंडलों द्वारा की गई तैयारियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सराहना की। 

मा0 वन मंत्री डॉ0 सक्सेना ने कहा, “पौधरोपण के साथ उसकी सुरक्षा एवं देखभाल सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। वन विभाग रोपित पौधों की सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करता है। अन्य विभाग भी इसी तरह अपने पौधों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें। यह हम सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है कि पौधरोपण को सफल बनाएं।”

नगर वन को मिली 4.99 करोड़ की सौगात  

बैठक के दौरान वन मंत्री ने बरेली में नगर वन के कार्यों हेतु शासन द्वारा आवंटित 4.99 करोड़ रुपये की धनराशि का स्वीकृति पत्र प्रभागीय वनाधिकारी श्रीमती दीक्षा भण्डारी को सौंपा। इससे बरेली में हरित क्षेत्र के विस्तार को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं नोडल अधिकारी रूहेलखण्ड जोन बरेली भीमसेन, मुख्य वन संरक्षक रूहेलखण्ड जोन पी0पी0 सिंह, वन संरक्षक मुरादाबाद आदर्श कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी बरेली श्रीमती दीक्षा भण्डारी सहित रूहेलखण्ड जोन के सभी 11 जनपदों के प्रभागीय वनाधिकारी उपस्थित रहे। 

वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को लेकर प्रदेश सरकार की गंभीरता और जनभागीदारी का आह्वान इस बैठक का मुख्य संदेश रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!