आदिल बेग संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
मीरगंज। क्षेत्र के एक बिजली विभाग कर्मचारी ने कुछ लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मीरगंज थाने में तहरीर दी है।अवर अभियंता मीरगंज के निर्देश पर 12 जून 2026 की शाम लगभग 8 बजे कर्मचारी करुणेष मिश्रा को सूचना मिली कि दियोरिया अब्दुल्लागंज क्षेत्र में एक बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गया है। सूचना पर वह लाइनमैन और अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे तथा नया पोल लगाने का कार्य शुरू किया।
आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने कार्य का विरोध करते हुए कर्मचारियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। तहरीर में कहा गया है कि विरोध करने वालों ने गाली-गलौज की और सरकारी कार्य रुकवाने का प्रयास किया। अवर अभियंता विद्युत ने चार पांच नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित कर्मचारी का कहना है कि आरोपियों ने उसे तथा अन्य कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। मामले को लेकर मीरगंज थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




