बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन दिन से स्विमिंग पूल बंद – खिलाड़ियों का प्रशिक्षण प्रभावित

संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
बरेली। तेज आंधी एवं बारिश के बाद से बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम की विद्युत व्यवस्था बाधित होने के कारण स्विमिंग पूल पिछले तीन दिनों से बंद पड़ा है। इससे तैराकी का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों एवं खिलाड़ियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में बच्चे एवं युवा खिलाड़ी प्रतिदिन स्विमिंग पूल में अभ्यास करने आते हैं, लेकिन विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण पूल का संचालन नहीं हो पा रहा है। इससे खिलाड़ियों की अभ्यास दिनचर्या प्रभावित हो रही है तथा आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद, बरेली के जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने कहा कि खेल सुविधाओं का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। तीन दिनों से स्विमिंग पूल बंद रहने से बच्चों और खिलाड़ियों में निराशा व्याप्त है। उन्होंने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी से तत्काल प्रभाव से विद्युत समस्या का समाधान कराकर स्विमिंग पूल का संचालन पुनः प्रारंभ कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर स्विमिंग पूल चालू नहीं कराया गया तो खिलाड़ियों एवं अभिभावकों की समस्याएं और बढ़ेंगी। खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद, बरेली ने प्रशासन एवं खेल विभाग से मांग की है कि विद्युत व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त कर खिलाड़ियों के प्रशिक्षण को सुचारु रूप से संचालित कराया जाए, ताकि बच्चों का खेल अभ्यास प्रभावित न हो और उनका मनोबल बना रहे।।




