वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऑफिस का किया गया औचक निरीक्षण, DCRB से लेकर LIU तक खंगाले रजिस्टर, कमियां मिलने पर दिए सुधार के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ पहुंचे पुलिस उप महानिरीक्षक, समन सेल और LIU ऑफिस की भी ली जानकारी, पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर

संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
बरेली। बरेली मंडल रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक अजय साहनी ने कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एसएसपी ऑफिस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य भी मौजूद रहे। पुलिस उप महानिरीक्षक ने DCRB, समन सेल और LIU ऑफिस का गहन मुआयना किया और सभी विभागों के रजिस्टरों की बारीकी से जांच की।
रजिस्टरों में मिली खामियों पर पुलिस उप महानिरीक्षक ने जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक अजय साहनी ने रिकॉर्ड मेंटेनेंस और फाइलिंग सिस्टम को चेक किया। कई विभागों में मिली कमियों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए। पुलिस उप महानिरीक्षक ने कहा कि पुलिस रिकॉर्ड को अपडेट और पारदर्शी रखना जरूरी है, ताकि किसी भी केस में त्वरित कार्रवाई हो सके। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पुलिस उप महानिरीक्षक को विभागीय कार्यप्रणाली की जानकारी दी। पुलिस उप महानिरीक्षक ने सभी शाखाओं को समय-सीमा में काम पूरा करने और लंबित मामलों का निस्तारण जल्द करने को कहा।
पुलिस उप महानिरीक्षक ने निरीक्षण के बाद अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही बरतें। उन्होंने कहा कि रजिस्टरों की नियमित जांच और रिपोर्टिंग से ही पुलिस व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऑफिस में हुए इस निरीक्षण को पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस उप महानिरीक्षक के निर्देशों पर अमल कर सभी विभागों को अपडेट किया जाएगा।




