
संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
बरेली।घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की बढ़ोतरी होने से आम जनता की रसोई का बजट एक बार फिर बिगड़ गया है। इस वृद्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए बरेली कॉलेज की कर्मचारी कल्याण सेवा समिति ने सरकार से राहत की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा ने आज कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच गैस सिलेंडर के दाम बढ़ना आम आदमी, खासकर मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनेगा। उन्होंने कहा, “हर महीने का घरेलू बजट पहले से ही दवाइयों, बच्चों की पढ़ाई और राशन की बढ़ती कीमतों से दबा हुआ है। ऐसे में 29 रुपये की बढ़ोतरी भी कई परिवारों के लिए बोझ है।”
जितेंद्र मिश्रा ने सरकार से अपील की कि घरेलू गैस को आवश्यक वस्तु मानते हुए इसकी कीमतों पर नियंत्रण रखा जाए और गरीब व मध्यम वर्ग को सब्सिडी के रूप में विशेष राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी वर्ग का वेतन सीमित होता है और त्योहारों के सीजन में यह बढ़ोतरी और ज्यादा परेशान करेगी।
समिति ने उम्मीद जताई है कि सरकार जनता की परेशानी को समझते हुए जल्द कोई ठोस कदम उठाएगी ताकि रसोई की आग आम आदमी की जेब न जलाए।



