Welcome to लोकतंत्र एक्सप्रेस   Click to listen highlighted text! Welcome to लोकतंत्र एक्सप्रेस
क्राइमटॉप न्यूज़फरीदपुरबडी खबरबरेलीयूपी

आईपीएल सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, रोजाना 50 हजार तक का होता था खेल

बीएससी पास युवक बना ऑनलाइन बुकी, नेपाल के सिम और हवाला नेटवर्क से करोड़ों का लेनदेन

15 से ज्यादा शराब की दुकानों और तीन पेट्रोल पंपों में बताई जा रही हिस्सेदारी, बैंक खातों से प्रतिदिन 100 से अधिक ट्रांजेक्शन

संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस 

 

बरेली। आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का थाना फरीदपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो उच्च शिक्षा प्राप्त होने के बावजूद ऑनलाइन सट्टेबाजी, हवाला लेनदेन और फर्जी दस्तावेजों के सहारे बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहा था। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी रोजाना करीब 50 हजार रुपये तक का ऑनलाइन सट्टा संचालित करता था और करोड़ों रुपये का लेनदेन हवाला के माध्यम से किया जा रहा था।

एसपी साउथ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ओमेन्द्र पुत्र देव सिंह निवासी मोहल्ला कानूनगोयान, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली है। आरोपी बीएससी पास है और कोविड काल के दौरान नौकरी जाने के बाद आईपीएल सट्टेबाजी के धंधे में उतर गया था। शुरुआत में उसने छोटे स्तर पर ऑनलाइन हार-जीत की बाजी लगानी शुरू की, लेकिन धीरे-धीरे उसका नेटवर्क बड़ा होता चला गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए नेपाल के मोबाइल सिम कार्ड का इस्तेमाल करता था। विदेशी सिम के जरिए वह पुलिस और साइबर एजेंसियों की निगरानी से बचने की कोशिश करता था। आरोपी के बैंक खातों में प्रतिदिन 100 से अधिक ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए जाते थे। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी हवाला नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये का लेनदेन करता था। पुलिस अब उसके बैंक खातों, मोबाइल डाटा और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है।

एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि आरोपी का आर्थिक नेटवर्क काफी मजबूत है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि उसकी 15 से अधिक शराब की दुकानों और तीन पेट्रोल पंपों में पार्टनरशिप है। पुलिस इस संबंध में भी दस्तावेज खंगाल रही है कि इन कारोबारों में निवेश का स्रोत क्या था और कहीं सट्टे का पैसा इसमें तो नहीं लगाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार बुधवार को थाना फरीदपुर पुलिस गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि रोडवेज बस स्टैंड फरीदपुर के पास कुछ लोग आईपीएल मैच में ऑनलाइन हार-जीत की बाजी लगाकर सट्टा खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक युवक मोबाइल और कागजात समेटने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम ओमेन्द्र पुत्र देव सिंह बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10 हजार रुपये नकद, एक आईफोन, एक नेपाली मोबाइल सिम कार्ड, छह एटीएम कार्ड, पांच बैंक पासबुक, तीन बैंक चेकबुक, दो आधार कार्ड और दो पैन कार्ड बरामद हुए। जांच में कई दस्तावेज कूटरचित पाए गए।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने पिता के साथ प्रॉपर्टी का काम करता है और बुखारा रोड स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर भी बैठता है। उसने स्वीकार किया कि उसे आईपीएल सट्टेबाजी की लत लग गई थी और इसी के जरिए वह मोटी कमाई कर रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना प्रेमनगर में सट्टेबाजी और मारपीट से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी समेत अन्य फरार आरोपियों के खिलाफ थाना फरीदपुर में सार्वजनिक जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, उपनिरीक्षक उज्जवल गंभीर, हेड कांस्टेबल महावीर और हेड कांस्टेबल शमशेर अली की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!