
संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस

बरेली। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिनांक 21 जून 2026 को गुरु नानक खालसा इंटर कॉलेज, सुभाष नगर, बरेली में प्रधानाचार्य, सरदार कवल जीत सिंह के नेतृत्व में समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर स्टाफ ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना तथा शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करते हुए नियमित योग करने का संकल्प लिया।

प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को शांत, एकाग्र और सकारात्मक बनाकर जीवन में अनुशासन स्थापित करता है। उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान वृक्षासन सहित विभिन्न संतुलन आधारित योगासनों का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास से तनाव कम करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।अंत में प्रधानाचार्य ने सभी उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही एक सशक्त समाज एवं राष्ट्र की आधारशिला है। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे। इस दौरान प्रधानाचार्य सरदार कवल जीत सिंह, डॉ.अखिलेश कुमार गुप्ता ,कमल तिवारी, आरेन्द्र मौर्य, अमर जीत सिंह, हरजीत सिंह, हरी शंकर अरुण कुमार यादव आदि लोग शामिल रहे।।




