दर्दनाक हादसा हाईटेंशन लाइन टूटने से मौत, छात्र समेत तीन की गई जान, कई घरों में पसरा मातम
अलीगंज के सूदनपुर में फैला मौत का करंट, क्योलड़िया में कपड़े सुखाते समय युवक की मौत

संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस
बरेली। जिले के अलीगंज और क्योलड़िया थाना क्षेत्रों में शनिवार को हुए दो अलग-अलग हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हाईटेंशन लाइन टूटने और करंट की चपेट में आकर छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटनाओं के बाद गांवों में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अलीगंज थाना क्षेत्र के सूदनपुर गांव में सुबह करीब सात बजे ट्रांसफार्मर में खराबी आने के बाद हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर लो टेंशन लाइन पर गिर गया। इससे पूरे गांव में लगभग 11 हजार वोल्ट का करंट फैल गया। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही घरों और गलियों में बिजली दौड़ गई और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
गांव निवासी कक्षा 10 का छात्र सुभाष (16) जैसे ही घर का लोहे का गेट खोलने गया, वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बेटे को बचाने दौड़ी मां सुनीता भी गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुंवरपाल (24) भी करंट की चपेट में आ गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के दौरान एक ई-रिक्शा में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। बिजली निगम के अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता, घायल महिला का समुचित इलाज और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि सुभाष मजदूर परिवार का सबसे छोटा बेटा था, जबकि कुंवरपाल दिव्यांग थे और सिलाई कर अपना जीवनयापन करते थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
दूसरी घटना क्योलड़िया थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव में हुई, जहां 22 वर्षीय रंजीत की करंट लगने से मौत हो गई। वह घर के आंगन में कपड़े सुखाने के लिए तार पर कपड़े डाल रहा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ा।परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। रंजीत की शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। उसकी मौत के बाद पत्नी खुशबू और मां माया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पूरे मामले की जांच की जा रही है। गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है।
लगातार हो रहे ऐसे हादसे बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर बिजली लाइनें और समय पर मरम्मत न होने के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।




