
संवाददाता लोकतंत्र एक्सप्रेस

अमरिया-पीलीभीत:- समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के वरिष्ठ नेता सतेंद्र मौर्य के नेतृत्व में आयोजित किसान-मजदूर जनचेतना पीडीए सम्मेलन ऐतिहासिक जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में हजारों किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और समाजवादी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
सम्मेलन में समाजवादी पार्टी संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश यादव ने विशेष रूप से युवाओं और रोजगार के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज लाखों शिक्षित युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर समयबद्ध भर्ती न होने और निजी क्षेत्र में सीमित अवसरों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने युवाओं के हित में रोजगारपरक नीतियां लागू करने की मांग की।

रमेश यादव ने कहा कि समाज के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और उन्हें बेहतर शिक्षा एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने सामाजिक न्याय, समान अवसर और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि सरदार तजिंदर सिंह वर्क ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकारों को घेरते हुए आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सरदार जगदेव सिंह जग्गा ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।

आयोजक सतेंद्र मौर्य ने कहा कि पीडीए की एकता ही सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक समाजवादी विचारधारा और जनसरोकार के मुद्दों को पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों, किसानों, युवाओं और समाजवादी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और जोश का माहौल बना रहा तथा सामाजिक न्याय, किसानों के सम्मान, युवाओं के रोजगार और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को मजबूती से उठाया गया।



